
जन एक्सप्रेस /रुद्रप्रयाग :- जनपद में अवैध शराब के कारोबार और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग का अभियान लगातार जारी है। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देश पर विभाग ने 15 अगस्त से अब तक विभिन्न स्थानों पर कार्रवाई करते हुए 60 लीटर अवैध शराब बरामद की है। इस दौरान चार लोगों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
जिला आबकारी अधिकारी रमेश बंगवाल ने बताया कि अवैध शराब की बिक्री और तस्करी की रोकथाम के लिए विभाग की टीमें लगातार अभियान चला रही हैं। इसके तहत विभिन्न क्षेत्रों के साथ ही वाहनों, होटलों और ढाबों की नियमित चेकिंग की जा रही है।
उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान अवैध शराब की बरामदगी के साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए विभाग की कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।






