
जन एक्सप्रेस /किच्छा :- नगर निकाय चुनाव को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। सोमवार को जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने नवीन फल मंडी किच्छा में बनाए गए स्ट्रांग रूम का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
इस दौरान जिलाधिकारी ने स्ट्रांग रूम की सुरक्षा व्यवस्था, बैरिकेडिंग, सीसीटीवी कैमरों समेत अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने मतदान पार्टियों द्वारा मतपेटियां जमा कराने के लिए लगाए गए टेबल के आसपास सुरक्षा के मद्देनजर अतिरिक्त बैरिकेडिंग कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्ट्रांग रूम परिसर में हाई मास्क लाइट की व्यवस्था और परिसर के बाहर वाहनों की पार्किंग के लिए उचित स्थान सुनिश्चित करने को कहा। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को चुनाव प्रक्रिया के दौरान सुरक्षा और व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान एसएसपी अजय गणपति, आरओ हिमांशु फलटिया, एसडीएम गौरव पांडेय, सहायक निदेशक मत्स्य संजय छिमवाल समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे






