
जन एक्सप्रेस/नारायणबगड़ :- उत्तराखंड संस्कृत संस्थान हरिद्वार द्वारा आयोजित द्वितीय राजभाषा संस्कृत को जन-जन तक पहुंचाने और विद्यार्थियों में संस्कृत भाषा के प्रति रुचि बढ़ाने के उद्देश्य से नारायणबगड़ में दो दिवसीय संस्कृत प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। 23 और 24 सितंबर को राजकीय आदर्श इंटर कॉलेज नारायणबगड़ के सभागार में संस्कृत की प्रतिभाओं का संगम होगा।
उत्तराखंड संस्कृत संस्थान हरिद्वार की ओर से आयोजित इस ब्लॉक स्तरीय संस्कृत स्पर्धा में क्षेत्र के शासकीय और अशासकीय विद्यालयों के विद्यार्थी प्रतिभाग करेंगे। 23 सितंबर को कनिष्ठ वर्ग की प्रतियोगिताएं होंगी, जबकि 24 सितंबर को वरिष्ठ वर्ग के विद्यार्थी विभिन्न स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
खंड संयोजक एवं संस्कृत प्रवक्ता डॉ. अपर्णा सती ने बताया कि प्रतियोगिता में कक्षा छह से एमए तक के विद्यार्थी प्रतिभाग कर सकते हैं। कनिष्ठ वर्ग में कक्षा छह से दस तक तथा वरिष्ठ वर्ग में कक्षा 11 से एमए तक के विद्यार्थी शामिल होंगे।
दो दिनों तक चलने वाली प्रतियोगिता में विद्यार्थियों को संस्कृत भाषा, ज्ञान और प्रतिभा का प्रदर्शन करने का अवसर मिलेगा। आयोजन को लेकर क्षेत्र के विद्यालयों के विद्यार्थियों में उत्साह का माहौल है।






