
जन एक्सप्रेस /किच्छा :- मतपेटियों पर पर्दा लगाए जाने को लेकर मंगलवार शाम किच्छा में स्ट्रांग रूम के बाहर विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। विधायक तिलक राज बेहड़ और पूर्व विधायक राजेश शुक्ला के समर्थकों के बीच कहासुनी के बाद हाथापाई होने की बात सामने आई है।

बताया जा रहा है कि विधायक तिलक राज बेहड़ मतपेटियों के आसपास पर्दे की जगह जालीदार स्क्रीन लगाए जाने की मांग कर रहे थे। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया। विधायक पक्ष का आरोप है कि पूर्व विधायक राजेश शुक्ला के करीबी व्यक्ति ने विधायक बेहड़ को थप्पड़ मार दिया। इसके बाद कांग्रेस प्रत्याशियों और समर्थकों ने भी विरोध किया, जिससे मौके पर हंगामा बढ़ गया।

घटना के दौरान विधायक बेहड़ के बेहोश होने की भी जानकारी सामने आई है। इसके बाद उनके समर्थकों में आक्रोश फैल गया और स्ट्रांग रूम परिसर में तनाव की स्थिति बन गई। सूचना पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभालने का प्रयास किया।घटना को लेकर दोनों पक्षों की ओर से लगाए गए आरोपों की पुलिस जांच कर रही है।






