
जन एक्सप्रेस /किच्छा :- नगर पालिका किच्छा एवं सिरौलीकलां के निर्वाचन के दौरान नवीन मंडी स्थित मतगणना/स्ट्रांग रूम परिसर में मंगलवार को विधायक तिलक राज बेहड़ और पूर्व विधायक राजेश शुक्ला के समर्थक आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और धक्का-मुक्की की स्थिति बनने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली।
पुलिस के अनुसार, विधायक तिलक राज बेहड़ के साथ कथित धक्का-मुक्की के मामले में धीरज कुमार (40) निवासी लालपुर, किच्छा को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू की गई।
वहीं, शांति व्यवस्था बिगड़ने की आशंका के चलते पुलिस ने 30 लोगों को हिरासत में लिया है। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पूर्व विधायक राजेश शुक्ला और उनके समर्थकों को सिडकुल चौकी पंतनगर तथा विधायक तिलक राज बेहड़ और उनके समर्थकों को कोतवाली किच्छा ले जाया गया।
पुलिस ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया और स्ट्रांग रूम की सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। मामले में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।






