
जन एक्सप्रेस /रुद्रपुर :- जीएसटी विभाग की ओर से व्यापारिक प्रतिष्ठानों में किए जा रहे सर्वे के विरोध में बुधवार को व्यापारियों ने एडिशनल कमिश्नर कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन किया। व्यापार मंडल जिलाध्यक्ष राजकुमार भुड्डी और नगर अध्यक्ष संजय जुनेजा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में व्यापारी प्रदर्शन में शामिल हुए।
नगर व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय जुनेजा ने आरोप लगाया कि सर्वे के नाम पर व्यापारियों पर अनावश्यक दबाव बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि व्यापारी केवल टैक्स कलेक्शन का माध्यम नहीं, बल्कि देश और प्रदेश की आर्थिक व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि व्यापारियों का उत्पीड़न किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
मामले की जानकारी पर एडिशनल कमिश्नर राकेश वर्मा कार्यालय से बाहर आए और व्यापारियों से वार्ता की। उन्होंने कहा कि विभाग की व्यापारियों का उत्पीड़न करने की कोई मंशा नहीं है। उन्होंने व्यापारियों को आश्वस्त किया कि विभाग की ओर से चलाया जा रहा सर्वे अभियान बंद कर दिया गया है और आगे इस तरह के सर्वे नहीं किए जाएंगे।अधिकारी के आश्वासन के बाद व्यापारियों ने धरना समाप्त कर दिया। इस दौरान व्यापारियों ने अपनी अन्य मांगें भी अधिकारियों के समक्ष रखीं।






