
जन एक्सप्रेस /रुद्रपुर :- किच्छा नगरपालिका चुनाव की मतपेटियों के स्ट्रांग रूम के बाहर देर रात हुए घटनाक्रम को लेकर भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (माले) ने आपत्ति जताई है। पार्टी के जिला सचिव ललित मटियाली ने प्रेस बयान जारी कर प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।
मटियाली ने आरोप लगाया कि स्ट्रांग रूम के बाहर कांग्रेस प्रत्याशी को बाहर किए जाने तथा संदिग्ध वाहनों से सामान लाने-ले जाने की घटना सामने आई। उन्होंने कहा कि इस पूरे घटनाक्रम के दौरान जिला प्रशासन का रवैया सवालों के घेरे में रहा। उनका आरोप है कि प्रशासन को सभी प्रत्याशियों और राजनीतिक दलों को विश्वास में लेकर स्ट्रांग रूम की सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाएं सुनिश्चित करनी चाहिए थीं।
उन्होंने मतगणना की तारीख टाले जाने को लेकर भी सवाल उठाए। मटियाली ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग पर दबाव के कारण मतगणना रोकने के लिए न्यायालय का रुख किया गया। उन्होंने कहा कि किच्छा नगरपालिका चुनाव से जुड़े घटनाक्रमों ने चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता को लेकर सवाल खड़े किए हैं।
भाकपा माले जिला सचिव ने चुनाव प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच और सभी प्रत्याशियों को भरोसे में लेकर कार्रवाई किए जाने की मांग की। उन्होंने कहा कि स्ट्रांग रूम की सुरक्षा और मतपेटियों की निगरानी को लेकर प्रशासन को स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।






