
जन एक्सप्रेस /रुद्रप्रयाग :- जनपद में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत संचालित ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को विभिन्न स्वास्थ्य उपकेंद्रों एवं आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में स्वच्छता और पौधरोपण अभियान चलाया गया। इस दौरान स्वास्थ्य केंद्रों एवं उनके आसपास के परिसरों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाकर साफ-सफाई की गई। साथ ही पर्यावरण संरक्षण और हरित वातावरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पौधे रोपे गए।
कार्यक्रम में एएनएम, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों, आशा कार्यकत्रियों एवं आशा फैसिलिटेटरों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। स्वास्थ्य कर्मियों ने स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए लोगों को अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखने और अधिक से अधिक पौधे लगाने के लिए प्रेरित किया।
अभियान का उद्देश्य स्वास्थ्य केंद्रों को स्वच्छ, सुंदर एवं बेहतर वातावरणयुक्त बनाना तथा आमजन को स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना रहा। कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को स्वच्छ परिवेश के महत्व के प्रति जागरूक करते हुए पर्यावरण संरक्षण में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करने का संदेश दिया गया।






