Uttarkashi News: भारी बारिश-बर्फबारी के बीच अलर्ट मोड पर प्रशासन, DM ने स्मार्ट कंट्रोल रूम का लिया जायजा
उत्तरकाशी में मौसम को लेकर प्रशासन अलर्ट, DM प्रशांत आर्य ने दिए 24×7 निगरानी के निर्देश

उत्तरकाशी, 27 सितंबर। जनपद में लगातार हो रही बारिश और उच्च हिमालयी क्षेत्रों में बर्फबारी को देखते हुए प्रशासन अलर्ट मोड पर है। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने जनपद मुख्यालय स्थित स्मार्ट कंट्रोल रूम पहुंचकर मौसम की स्थिति और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने विभिन्न तहसीलों से प्राप्त हो रही बारिश, भूस्खलन और सड़क मार्गों से संबंधित सूचनाओं की जानकारी ली।जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को 24×7 अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए। साथ ही सड़क मार्गों को सुचारू रखने और किसी भी मार्ग के बाधित होने पर तत्काल खोलने के लिए आवश्यक तैयारियां रखने को कहा।
गंगोत्री-यमुनोत्री धाम पर नजर
जिलाधिकारी ने गंगोत्री और यमुनोत्री धाम की यात्रा व्यवस्था की समीक्षा की। स्मार्ट कंट्रोल रूम से लाइव सीसीटीवी के माध्यम से दोनों धामों की स्थिति की भी निगरानी की गई।उच्च हिमालयी क्षेत्रों में ट्रैकिंग और अन्य गतिविधियों के लिए गए ट्रैकरों की स्थिति की भी जानकारी ली गई। संबंधित अधिकारियों को ट्रैकरों से लगातार संपर्क बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।
मौसम खराब होने की स्थिति में ट्रैकरों को सुरक्षित स्थान पर रुकने अथवा सुरक्षित स्थान की ओर जाने की सूचना समय पर उपलब्ध कराने को कहा गया है। किसी भी आकस्मिक स्थिति में तत्काल रेस्क्यू और राहत कार्य शुरू करने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित रखने के निर्देश भी दिए गए।
सड़क मार्गों को तत्काल खोलने के निर्देश
जिलाधिकारी ने एनएच, बीआरओ, लोनिवि और पीएमजीएसवाई के अधिकारियों को अपनी मशीनरी और मैनपावर तैयार रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क मार्ग बाधित होने की स्थिति में उसे तत्काल खोलने की कार्रवाई की जाए।
जनपद आपातकालीन परिचालन केंद्र और स्मार्ट कंट्रोल रूम को अलर्ट मोड पर रखते हुए सभी तहसीलों से लगातार सूचनाएं प्राप्त करने और आपात स्थिति में संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
फिलहाल चारधाम यात्रा अस्थायी रूप से रोकी गई
लगातार बारिश और उच्च हिमालयी क्षेत्रों में बर्फबारी को देखते हुए फिलहाल चारधाम यात्रा अस्थायी रूप से रोक दी गई है। जिलाधिकारी ने धामों में दर्शन कर चुके और वापस लौटने के इच्छुक श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित वापसी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।श्रद्धालुओं को मौसम की स्थिति के संबंध में समय पर जानकारी उपलब्ध कराने और आवश्यकता पड़ने पर उन्हें सुरक्षित स्थानों पर ठहराने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए गए हैं।
इस दौरान एडीएम मुक्ता मिश्र, डीएफओ जीवन मोहन दगाड़े, उपनिदेशक गंगोत्री नेशनल पार्क मयंक गर्ग, एसडीआरएफ से जगदंबा प्रसाद, डीडीएमओ शार्दूल गुसाईं समेत सेना, एनडीआरएफ और अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।





