Crimeउत्तराखंडराज्य खबरें

20.70 ग्राम स्मैक के साथ दो युवक गिरफ्तार, पुलिस ने सात लाख रुपये कीमत बताई

नानकमत्ता में 20.70 ग्राम स्मैक बरामद, पिथौरागढ़ के दो युवक गिरफ्तार; NDPS एक्ट में मुकदमा

जन एक्सप्रेस / नानकमत्ता। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नानकमत्ता पुलिस ने दो युवकों को स्मैक/हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों के कब्जे से कुल 20.70 ग्राम शुद्ध स्मैक/हेरोइन बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब सात लाख रुपये बताई गई है।पुलिस के मुताबिक 26 सितंबर को चौकी बिसौटा पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए अंशुमन बाल्मिकी (18), निवासी धर्मशाला लाइन, पिथौरागढ़, के कब्जे से 10 ग्राम तथा निश्चल राज (18), निवासी ग्राम जाखनी, पोस्ट विण, पिथौरागढ़, के कब्जे से 10.70 ग्राम शुद्ध स्मैक बरामद की।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ कोतवाली नानकमत्ता में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों से मादक पदार्थ की खरीद-फरोख्त और तस्करी के संबंध में पूछताछ की जा रही है। साथ ही उनके आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटाई जा रही है।दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में स्मैक और हेरोइन की तस्करी तथा नशे के कारोबार में शामिल लोगों को चिन्हित कर कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक रुद्रपुर और क्षेत्राधिकारी खटीमा के निर्देशन तथा प्रभारी निरीक्षक नानकमत्ता शंकर सिंह बिष्ट के नेतृत्व में की गई।

पुलिस टीम में उपनिरीक्षक नवल किशोर, हेड कांस्टेबल राजेंद्र ओली, कांस्टेबल दानिश अली और कांस्टेबल सुरेश गोस्वामी शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button