
जन एक्सप्रेस /काशीपुर :- नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत काशीपुर पुलिस ने शातिर नशा तस्कर जुनैद उर्फ बबलू ढोढ़ी के खिलाफ कार्रवाई की है। पुलिस के अनुसार, लगातार नशे के अवैध कारोबार में संलिप्तता और आपराधिक इतिहास को देखते हुए आरोपी को स्वापक औषधि और मनःप्रभावी पदार्थों के अवैध व्यापार निवारण अधिनियम, 1988 पिट एनडीपीएस एक्ट के तहत निरुद्ध किया गया है।
पुलिस के मुताबिक 28 सितंबर 2026 को जुनैद उर्फ बबलू ढोढ़ी पुत्र अनीश अहमद, निवासी शराब भट्टी के पीछे, मोहल्ला किला, काशीपुर को उसके घर से गिरफ्तार किया गया। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद उसे उप कारागार हल्द्वानी में दाखिल किया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पूर्व में एनडीपीएस और गैंगस्टर एक्ट के तहत चार मामले दर्ज हैं। इनमें वर्ष 2019 में एनडीपीएस एक्ट और गैंगस्टर एक्ट, वर्ष 2021 में एनडीपीएस एक्ट तथा वर्ष 2023 में एनडीपीएस एक्ट के मामले शामिल हैं।
काशीपुर पुलिस ने कहा कि नशे के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। पुलिस ने आम लोगों से नशे की बिक्री या अवैध तस्करी की सूचना मानस पोर्टल के टोल-फ्री नंबर 1933 पर देने की अपील की है।






