utrakhandउत्तरकाशी

गल्ले तोड़े, एसी आउटर उड़ाए और फरार हो गए चोर, बनभूलपुरा पुलिस ने दो दबोचे

जन एक्सप्रेस /हल्द्वानी :-  बनभूलपुरा थाना क्षेत्र में मैरिज हॉल में हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए तीन एसी आउटर और 15,600 रुपये की नकदी बरामद की है।

पुलिस के मुताबिक, 20 सितंबर 2026 को किदवई नगर निवासी मो. अमान ने बनभूलपुरा थाने में तहरीर देकर बताया था कि शनि बाजार रोड, रेलवे फाटक के पास स्थित हुसैनी बैंकट हॉल के दोनों गल्ले तोड़कर उनमें रखी करीब 80 हजार से एक लाख रुपये की नकदी चोरी कर ली गई। इसके अलावा मैरिज हॉल के पीछे से तीन एसी के आउटर भी चोरी किए गए थे।

मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच अपर उप निरीक्षक पुष्कर आर्या को सौंपी। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रभारी निरीक्षक दिनेश चन्द्र फर्त्याल के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।

पुलिस टीम ने सुरागरसी-पतारसी और अन्य प्रयासों के बाद 27 सितंबर को गोला बायपास रोड स्थित हिमालयन स्कूल के सामने बनी पुलिया के नीचे से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मौ. तौफीक (25) पुत्र मौ. मसीत अहमद निवासी इन्द्रानगर, नूरी मस्जिद के पास, छोटी रोड, बनभूलपुरा और मौ. मुस्तफा (26) पुत्र मौ. अशफाक निवासी छोटी रोड, हिमांशु मेडिकल के सामने, वार्ड नंबर 30, बनभूलपुरा के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से ब्लू स्टार कंपनी के तीन इन्वर्टर एसी आउटर और 15,600 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।

कार्रवाई एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन, अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल और क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी विमल प्रसाद के पर्यवेक्षण में की गई। पुलिस टीम में उप निरीक्षक मनोज कुमार यादव, अपर उप निरीक्षक पुष्कर आर्या, कांस्टेबल सुनील कुमार और कांस्टेबल दिलशाद अहमद शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button