
जन एक्सप्रेस /खटीमा :- नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत खटीमा पुलिस ने एक नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 44.65 ग्राम स्मैक (हेरोइन) बरामद की है। बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 13 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी कब्जे में ली है।
28 सितंबर की शाम कोतवाली खटीमा पुलिस टीम सितारगंज रोड स्थित ग्राम पहेनिया के कच्चे रास्ते पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल संख्या यूपी26-एयू-2380 से जा रहे एक युवक को रोककर तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान युवक के कब्जे से 44.65 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी की पहचान कुलदीप सिंह (30) पुत्र जीत सिंह निवासी कल्याणपुर, नानकमत्ता के रूप में की है। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।पुलिस टीम में उपनिरीक्षक भुवन गहतौड़ी, हेड कांस्टेबल देवेश पाण्डेय, कांस्टेबल नवीन रजवार, इसाक और मौहसीन शामिल रहे।






