utrakhandउत्तरकाशी

बिजली उपभोक्ताओं की समस्याओं को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं का सांकेतिक धरना

बिलिंग, मीटर और कनेक्शन संबंधी शिकायतों के समाधान की मांग, एसडीओ को सौंपा ज्ञापन

जन एक्सप्रेस  /रामनगर :-  क्षेत्र में विद्युत उपभोक्ताओं को बिलिंग, मीटर और कनेक्शन से संबंधित समस्याओं का सामना करना पड़ने के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विद्युत विभाग कार्यालय के बाहर सांकेतिक धरना प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व अधिवक्ता फैज़ुल हक, सदस्य लीगल सेल भारतीय युवा कांग्रेस, उत्तराखंड ने किया।

धरने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता को संबोधित ज्ञापन एसडीओ को सौंपा। ज्ञापन में कहा गया कि क्षेत्र के उपभोक्ताओं की ओर से विद्युत विभाग से संबंधित कई शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। इनमें अधिक या गलत बिलिंग, पुराने मीटर के स्थान पर पोर्टल अथवा विभागीय रिकॉर्ड में किसी अन्य स्मार्ट मीटर का विवरण प्रदर्शित होना, मीटर और कनेक्शन संबंधी विवरण में विसंगतियां तथा बिल जमा करने के बावजूद भुगतान रिकॉर्ड समय पर अपडेट नहीं होने जैसी समस्याएं शामिल हैं।

ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि लिखित शिकायतें देने के बावजूद कई मामलों में समस्याओं का समयबद्ध समाधान नहीं हो रहा है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मांग की कि प्रत्येक शिकायत का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए मीटर संख्या, कनेक्शन संख्या, स्मार्ट मीटर विवरण, वास्तविक विद्युत खपत और बिलिंग रिकॉर्ड का उचित सत्यापन कराया जाए। किसी प्रकार की विसंगति मिलने पर उसका तत्काल सुधार किया जाए।

इसके अलावा लंबित शिकायतों की समीक्षा कर उनके निस्तारण की स्थिति से संबंधित उपभोक्ताओं को अवगत कराने और शिकायतों के समाधान के लिए प्रभावी एवं समयबद्ध व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की गई।

अधिवक्ता फैज़ुल हक ने कहा कि उपभोक्ताओं को सही बिल, सही मीटर विवरण और प्रभावी शिकायत निवारण की सुविधा मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि लोगों को अपनी जायज समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार विभागीय कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने कहा कि यदि शिकायतों के समाधान में लापरवाही जारी रही और उपभोक्ताओं को अनावश्यक परेशानी का सामना करना पड़ा तो विद्युत विभाग के खिलाफ धरना प्रदर्शन किया जाएगा।

इस दौरान युवा कांग्रेस प्रदेश महासचिव सुमित लोहनी, अधिवक्ता दीप्ति खुल्बे, सभासद अब्दुल करीम, हाजी जुल्फिकार कुरैशी, नूर खान, रहीस सैफी, नवदीप शर्मा, अरीश, तालिब सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button