Politicsutrakhandउत्तरकाशीदेहरादूनराजनीति

उत्तराखंड छात्रसंघ चुनाव गढ़वाल में ABVP का दबदबा, कुमाऊं में निर्दलीयों का जोर

जन एक्सप्रेस /हल्द्वानी :-  उत्तराखंड के डिग्री कॉलेजों में हुए छात्रसंघ चुनाव के नतीजों में गढ़वाल और कुमाऊं मंडल की तस्वीर अलग-अलग नजर आई। गढ़वाल मंडल के कॉलेजों में ABVP ने कई अध्यक्ष पदों पर जीत दर्ज की, जबकि कुमाऊं मंडल में निर्दलीय प्रत्याशियों का प्रदर्शन प्रमुख रहा। उपलब्ध चुनाव परिणामों के अनुसार गढ़वाल मंडल के 55 डिग्री कॉलेजों में 23 अध्यक्ष पद ABVP, 17 NSUI और 15 अन्य प्रत्याशियों के खाते में गए। वहीं कुमाऊं मंडल के 51 कॉलेजों में 25 अध्यक्ष निर्दलीय, 16 ABVP और 7 NSUI से चुने गए।

DAV में ABVP, DBS में NSUI

देहरादून के DAV PG College में ABVP के नवदीप राणा अध्यक्ष निर्वाचित हुए। उन्होंने NSUI के सौरभ सेमवाल को 94 मतों से हराया। इस जीत के साथ DAV में लगातार दूसरी बार ABVP का अध्यक्ष चुना गया। हालांकि महासचिव पद पर निर्दलीय नीलांश शर्मा ने जीत दर्ज की। वहीं देहरादून के DBS PG College में अध्यक्ष पद पर NSUI के अभिनव कफलिया ने जीत दर्ज की।

MBPG कॉलेज में निर्दलीय आर्यन बेलवाल की जीत

कुमाऊं के प्रमुख कॉलेजों में शामिल हल्द्वानी के MBPG College में निर्दलीय प्रत्याशी आर्यन बेलवाल ने अध्यक्ष पद पर जीत दर्ज की। ABVP से बगावत कर निर्दलीय मैदान में उतरे बेलवाल ने NSUI के मेहुल शाह को 466 मतों के अंतर से हराया। आर्यन बेलवाल को 1,723, मेहुल शाह को 1,257 और ABVP के धीरज बिष्ट को 988 वोट मिले। इस परिणाम के साथ MBPG में लंबे समय से चले आ रहे ABVP के अध्यक्ष पद के वर्चस्व में बदलाव देखने को मिला।

सीएम धामी ने दी ABVP प्रत्याशियों को बधाई

छात्रसंघ चुनाव परिणामों पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए ABVP के विजयी प्रत्याशियों को बधाई दी। उन्होंने चुनाव परिणामों को युवाओं की राष्ट्रवादी विचारधारा और छात्रहित से जोड़ते हुए अपनी प्रतिक्रिया दी।मुख्यमंत्री ने अपने बयान में विपक्षी विचारधाराओं पर भी टिप्पणी की और कहा कि युवाओं ने अपने वोट के जरिए अपना संदेश दिया है।कुल मिलाकर छात्रसंघ चुनाव के परिणामों में गढ़वाल और कुमाऊं के बीच संगठनात्मक प्रदर्शन का अंतर साफ नजर आया। जहां गढ़वाल में ABVP सबसे अधिक अध्यक्ष पदों पर रही, वहीं कुमाऊं में निर्दलीय प्रत्याशियों ने सबसे ज्यादा अध्यक्ष पद हासिल किए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button