utrakhandउत्तरकाशी

सेवा संकल्प अभियान के तहत स्वास्थ्य केंद्रों में चला स्वच्छता अभियान

जन एक्सप्रेस /रुद्रप्रयाग :-  सेवा संकल्प अभियान के तहत जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के मार्गदर्शन में जनपदभर में स्वच्छता अभियान चलाया गया। इसके अंतर्गत आयुष्मान आरोग्य मंदिरों, विभिन्न चिकित्सा इकाइयों और मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय परिसर में विशेष साफ-सफाई की गई।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय परिसर में अभियान की अगुवाई सीएमओ डॉ. पारूल गोयल ने की। उनके नेतृत्व में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने कार्यालय परिसर में सफाई की। साथ ही परिसर से सटी सड़क के किनारे उगी झाड़ियों का कटान कर आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाया गया।

जनपद की विभिन्न चिकित्सा इकाइयों में भी स्वच्छता अभियान चलाया गया। सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों और आशा कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने कार्यक्षेत्र में साफ-सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया। स्वास्थ्य कर्मियों ने परिसर और आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखते हुए लोगों को स्वस्थ वातावरण के प्रति जागरूक किया।

इस दौरान सीएमओ डॉ. पारूल गोयल ने कहा कि स्वच्छता केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली का महत्वपूर्ण हिस्सा है। स्वच्छ एवं साफ-सुथरा वातावरण बीमारियों की रोकथाम में अहम भूमिका निभाता है। उन्होंने सभी से स्वच्छता को अपनी दैनिक दिनचर्या में शामिल करने की अपील की।

अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सीमा टेकचंदानी ने भी अधिकारियों और कर्मचारियों से अपने कार्यस्थल सहित आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ बनाए रखने के लिए निरंतर प्रयास करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी निभाकर ही स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण सुनिश्चित किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button