
जन एक्सप्रेस /नारायणबगड़ :- राजकीय आदर्श इंटर कॉलेज नारायणबगड़ के सभागार में गुरुवार को ब्लॉक स्तरीय राष्ट्रीय जनसंख्या शिक्षा प्रोजेक्ट (एनपीईए) प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में विकासखंड के विभिन्न विद्यालयों के कक्षा आठ और नौ के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। रोल प्ले, लोक नृत्य, पोस्टर और समूह चर्चा सहित चार विधाओं में विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता के रोल प्ले वर्ग में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज नारायणबगड़ ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सिलोडी द्वितीय और राजकीय इंटर कॉलेज हंसकोटी तृतीय स्थान पर रहा। लोक नृत्य प्रतियोगिता में राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मींग ने बाजी मारी। राजकीय इंटर कॉलेज हंसकोटी दूसरे और राजकीय इंटर कॉलेज हरमनी तीसरे स्थान पर रहा।

पोस्टर प्रतियोगिता में राजकीय इंटर कॉलेज हंसकोटी के कक्षा नौ के छात्र सक्षम नेगी ने प्रथम स्थान हासिल किया। राजकीय इंटर कॉलेज पैतोली की आरुषि द्वितीय और राजकीय बालिका इंटर कॉलेज नारायणबगड़ की कक्षा आठ की छात्रा आरोही तृतीय स्थान पर रहीं। वहीं, समूह चर्चा प्रतियोगिता में राजकीय इंटर कॉलेज हंसकोटी ने प्रथम, राजकीय इंटर कॉलेज हरमनी ने द्वितीय और राजकीय आदर्श इंटर कॉलेज नारायणबगड़ ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम में खंड शिक्षा अधिकारी अनि नाथ, आयोजक प्रधानाचार्य डॉ. गंगा सिंह नेगी, प्रतियोगिता के नोडल अधिकारी एवं भूगोल प्रवक्ता बलबीर लाल, सह-नोडल अधिकारी एवं गणित सहायक अध्यापिका स्नेहलता मौजूद रहे। मंच संचालन हिंदी प्रवक्ता एचएन जोशी ने किया। इस दौरान विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं भी उपस्थित रहे।

प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले विद्यार्थियों को मेडल, प्रमाणपत्र और स्मृति चिह्न वितरित किए गए। आयोजकों ने विजेताओं को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। प्रतियोगिता उत्साहपूर्ण माहौल में सफलतापूर्वक संपन्न हुई।






