
जन एक्सप्रेस /पिथौरागढ़ :- सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम के अंतर्गत विकासखंड मूनाकोट में स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। शिविर में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने स्थानीय लोगों की स्वास्थ्य जांच कर उन्हें चिकित्सकीय परामर्श और निःशुल्क दवाएं उपलब्ध कराईं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जे.एस. चुफाल के निर्देशन तथा अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रशांत कौशिक के नेतृत्व में आयोजित शिविर में कुल 164 मरीजों की स्वास्थ्य जांच की गई। संभावित टीबी एवं श्वसन संबंधी रोगों की पहचान के लिए 23 लोगों के चेस्ट एक्स-रे किए गए। जांच के दौरान आवश्यकतानुसार चार लोगों के सैंपल भी लिए गए, जिन्हें आगे की जांच के लिए भेजा गया।
शिविर में गैर-संचारी रोगों की स्क्रीनिंग पर भी विशेष जोर दिया गया। स्वास्थ्य कर्मियों ने 52 लोगों के रक्तचाप और ब्लड शुगर की जांच की। जांच के आधार पर मरीजों को आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया गया तथा जरूरत के अनुसार निःशुल्क दवाएं वितरित की गईं।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने लोगों को नियमित स्वास्थ्य जांच कराने, रक्तचाप एवं ब्लड शुगर को नियंत्रित रखने और बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर समय पर चिकित्सकीय परामर्श लेने के लिए जागरूक किया। अधिकारियों ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं को आमजन के नजदीक पहुंचाकर समय पर जांच, परामर्श और उपचार की सुविधा उपलब्ध कराना है।
शिविर में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। स्वास्थ्य कर्मियों ने जांच एवं उपचार के साथ लोगों को विभिन्न रोगों से बचाव और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति भी जागरूक किया।






