नानकमत्ता

गांधी-शास्त्री जयंती पर महाविद्यालय में हुए विविध कार्यक्रम

एनएसएस स्वयंसेवियों ने निकाली नशा विरोधी जागरूकता रैली, चलाया स्वच्छता अभियान

जन एक्सप्रेस/नानकमत्ता : श्री गुरु नानक देव स्नातकोत्तर महाविद्यालय नानकमत्ता साहिब में महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती धूमधाम से मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. सीता मेहता एवं एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. इंदु बाला ने ध्वजारोहण कर किया। इसके बाद छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं एनएसएस स्वयंसेवियों ने राष्ट्रगान प्रस्तुत किया।

प्राचार्य डॉ. सीता मेहता एवं डॉ. इंदु बाला ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान महाविद्यालय परिसर भारत माता की जय तथा महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री अमर रहें के नारों से गूंज उठा।

जयंती के अवसर पर एनएसएस स्वयंसेवियों ने नगर में नशे के खिलाफ जागरूकता रैली निकाली। एंटी ड्रग्स समिति के तहत लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया। इसके अलावा महाविद्यालय परिसर और आसपास के क्षेत्र में स्वच्छता अभियान चलाकर विद्यार्थियों ने साफ-सफाई की।

प्राचार्य डॉ. सीता मेहता ने विद्यार्थियों को महात्मा गांधी के सत्य और अहिंसा के विचारों तथा लाल बहादुर शास्त्री के सादगीपूर्ण जीवन से प्रेरणा लेने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि गांधी जी ने सत्य, अहिंसा और सत्याग्रह के माध्यम से देश की स्वतंत्रता में महत्वपूर्ण योगदान दिया, जबकि शास्त्री जी ने ‘जय जवान, जय किसान’ का नारा देकर देश के जवानों और किसानों के सम्मान को नई दिशा दी।

एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. इंदु बाला ने स्वच्छता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों से अपने घर, महाविद्यालय और आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता स्वस्थ जीवन के लिए जरूरी होने के साथ ही महात्मा गांधी के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि भी है। इस दौरान विद्यार्थियों को स्वच्छता बनाए रखने का संकल्प भी दिलाया गया।

कार्यक्रम का संचालन हर्षित पोखरिया, शीला भट्ट एवं कंचन राणा ने किया। इस मौके पर डॉ. गोपाल सिंह, डॉ. राधा पवार, डॉ. नीतू, डॉ. आरती राणा, मनोज कुमार, ज्योति राणा, पंकज सिंह बोहरा, दीपा दानू, ममता राणा और अनिल कुमार सहित कई छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button