utrakhandउत्तरकाशी

लॉन्ग वीकेंड पर कैंची धाम में उमड़ी भारी भीड़, हाईवे पर कई किलोमीटर लंबा जाम

हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने से यातायात व्यवस्था प्रभावित, घंटों जाम में फंसे यात्री

जन एक्सप्रेस /नैनीताल :-  तीन दिन के लंबे वीकेंड के चलते प्रसिद्ध बाबा नीम करौली आश्रम कैंची धाम में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। श्रद्धालुओं और पर्यटकों की भारी आमद के चलते क्षेत्र में यातायात का दबाव बढ़ गया है और हाईवे पर कई किलोमीटर लंबा जाम लगने से यात्रियों को घंटों परेशानी का सामना करना पड़ा।

कैंची धाम की बढ़ती लोकप्रियता के चलते यहां लगातार श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ रही है। लॉन्ग वीकेंड के दौरान बड़ी संख्या में वाहनों के पहुंचने से नैनीताल और अल्मोड़ा जिले की सीमा के आसपास यातायात प्रभावित हुआ। वाहनों को रोककर यातायात नियंत्रित किए जाने के कारण हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

मुख्य मार्ग पर जाम की स्थिति को देखते हुए कई वाहन चालकों ने सैनिटोरियम से रातीघाट जाने वाले वैकल्पिक मार्ग का रुख किया। इससे इन मार्गों पर भी वाहनों का दबाव बढ़ गया। लगातार बढ़ते यातायात के कारण दुर्घटना की आशंका भी बनी रही।

जाम में फंसे यात्रियों को गर्मी के बीच काफी परेशानी उठानी पड़ी। खैराणा क्षेत्र में पुलिस द्वारा वाहनों को रोके जाने के दौरान एक महिला ने बुजुर्गों और बच्चों की परेशानी को लेकर व्यवस्था पर नाराजगी जताई।

हालांकि, पर्यटकों और श्रद्धालुओं की भारी आमद का असर स्थानीय कारोबार पर सकारात्मक रूप से भी देखने को मिला। कैंची धाम और आसपास के क्षेत्रों में होटल, होमस्टे, टैक्सी और रेस्टोरेंट कारोबार में तेजी आई है। स्थानीय कारोबारियों को लॉन्ग वीकेंड के चलते अच्छी आमदनी की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button