utrakhandउत्तरकाशीनई टिहरी

घनसाली में वर्षों पुरानी पैदल मार्ग की समस्या दूर, ग्रामीणों को ढाई किमी की दूरी से मिली राहत

सालों से क्षतिग्रस्त पैदल संपर्क मार्ग से मिली राहत, क्षेपंस गुड्डी कुकरेती ने पिल्लरों के सहारे 60 मीटर मार्ग बनवाकर सुगम किया ग्रामीणों का आवागमन।

जन एक्सप्रेस /घनसाली :- भिलंगना ब्लॉक के मुयालय गांव के गोरिया में वर्षों से आपदा की मार झेल रहा पैदल संपर्क मार्ग आखिरकार ग्रामीणों के लिए सुगम हो गया है। लंबे समय से क्षतिग्रस्त मार्ग के कारण ग्रामीणों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था और उन्हें करीब ढाई किलोमीटर की अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही थी।

ग्रामीणों के अनुसार, आपदा के दौरान पैदल संपर्क मार्ग पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था। इसके बाद कई साल गुजर गए, लेकिन मार्ग की मरम्मत नहीं होने से ग्रामीणों की परेशानी बनी रही। दैनिक जरूरतों, खेतों और अन्य कार्यों के लिए आने-जाने वाले ग्रामीणों को वैकल्पिक रास्ते से लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी।ग्रामीणों ने बताया कि पिछले वर्ष पंचायत चुनाव के दौरान उन्होंने अपनी समस्या क्षेत्र पंचायत सदस्य गुड्डी कुकरेती के समक्ष रखी थी। ग्रामीणों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने तत्काल प्रस्ताव स्वीकृत करवाया और करीब 60 मीटर क्षेत्र में पिल्लरों के सहारे पैदल मार्ग तैयार करवाया।

मार्ग तैयार होने के बाद अब ग्रामीणों को क्षतिग्रस्त रास्ते से होने वाली परेशानी से राहत मिली है। वहीं, ढाई किलोमीटर की अतिरिक्त दूरी तय करने से भी ग्रामीणों को निजात मिली है।ग्रामीण संजय सिंह रमोला और राजेंद्र कुमाई ने क्षेत्र पंचायत सदस्य गुड्डी कुकरेती का आभार जताते हुए कहा कि लंबे समय से चली आ रही समस्या के समाधान से गांव के लोगों को बड़ी राहत मिली है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि द्वारा ग्रामीणों की समस्या को प्राथमिकता से उठाकर उसका समाधान करवाना क्षेत्रवासियों के लिए राहत की बात है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button