
जन एक्सप्रेस /रुद्रपुर :- एएनटीएफ रुद्रपुर और कोतवाली रुद्रपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत 21.450 किलो अवैध गांजे के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल अर्टिगा कार भी बरामद की है। पुलिस के अनुसार बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब तीन लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस के मुताबिक 3 अक्टूबर को पुलिस टीम त्रिशूल चौक से रुद्रपुर-गदरपुर हाईवे होते हुए ब्लॉक कार्यालय की ओर जाने वाले बाईपास कट के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान वाहन संख्या एचार55-एटी-9269 को रोककर तलाशी ली गई। कार से 21.450 किलो गांजा बरामद हुआ।
मामले में पुलिस ने राजेश कुमार (48) निवासी ग्राम जैनपुर, थाना हथीन, जिला पलवल, हरियाणा और प्रशांत शिकारी (41) निवासी मलिक कॉलोनी, रुद्रपुर मूल निवासी काली मंदिर गुरुग्राम नंबर 02 शक्तिफार्म, सितारगंज को गिरफ्तार किया। आरोपियों के खिलाफ कोतवाली रुद्रपुर में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि गांजा ओडिशा के मल्कानगिरी से ददू उर्फ नीलू नामक व्यक्ति से लाया गया था और इसे रुद्रपुर में थोक व फुटकर में बेचने की योजना थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार आरोपी राजेश कुमार वर्ष 2020-21 में तेलंगाना के भद्राचलम थाना क्षेत्र में 200 किलो गांजे के मामले में जेल जा चुका है। पुलिस का कहना है कि वह अर्टिगा कार पर टैक्सी नंबर लगाकर गांजे की तस्करी करता था।
पुलिस द्वारा 21.450 किलो गांजा और एक अर्टिगा कार बरामद की गई है। कार्रवाई में एएनटीएफ प्रभारी निरीक्षक मनोज रतूड़ी, उपनिरीक्षक सुरेंद्र प्रताप बिष्ट, उपनिरीक्षक इंदर सिंह ढेला समेत पुलिसकर्मी शामिल रहे।






