
जन एक्सप्रेस /रुद्रपुर :- भारतीय जनता पार्टी की ओर से आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में 10 अक्टूबर को रुद्रपुर में भाजपा के सभी प्रकोष्ठों की जिला कार्यशाला आयोजित की जाएगी। कार्यशाला की तैयारियों को लेकर भाजपा जिला कार्यालय में प्रकोष्ठ संयोजकों की बैठक आयोजित हुई।
बैठक जिला समन्वयक राजेश तिवारी की अध्यक्षता और जिला महामंत्री तरुण दत्ता के संचालन में हुई। मुख्य अतिथि प्रदेश प्रकोष्ठ संकुल के प्रदेश सह समन्वयक खूब सिंह ‘विकल’ ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में ‘मिशन-2027’ को सफल बनाने में पार्टी के सभी प्रकोष्ठों की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी।
उन्होंने कहा कि प्रकोष्ठों को केवल बैठकों तक सीमित न रखकर उन्हें जमीनी स्तर पर सक्रिय और मजबूत किया जाएगा। साथ ही सरकार की विकास योजनाओं और पार्टी की नीतियों को आम जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने पर जोर दिया गया।
बैठक में चुनावी तैयारियों के तहत जिले की पांच विधानसभा सीटों के प्रभारियों की भी घोषणा की गई। अनुज पाठक को रुद्रपुर, उपेंद्र गिरी को किच्छा, डीएन यादव को सितारगंज, धन सिंह सामंत को नानकमत्ता और रविंद्र सिंह धामी को खटीमा विधानसभा का प्रभारी बनाया गया।बैठक के अंत में जिला सह समन्वयक चंद्रशेखर मुंडेला ने सभी अतिथियों, पदाधिकारियों और संयोजकों का आभार जताया।






