Crimeutrakhandउत्तरकाशी

कैंचीधाम क्षेत्र में दूध पिकअप वाहन खाई में गिरा, तीन घायल

नैनीताल पुलिस ने चलाया रेस्क्यू अभियान, खाई से तीनों को सुरक्षित निकाला

जन एक्सप्रेस/नैनीताल :-  कैंचीधाम क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक दूध पिकअप वाहन सड़क से करीब 100 से 150 मीटर नीचे खाई में गिर गया। हादसे की सूचना मिलने पर नैनीताल पुलिस ने एसडीआरएफ और स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाकर वाहन में फंसे तीन लोगों को गंभीर घायल अवस्था में सुरक्षित बाहर निकाला।

पुलिस के अनुसार, 6 अक्टूबर 2026 को सुबह करीब 5 बजे एक स्थानीय व्यक्ति ने कैंचीधाम पुलिस चौकी को सूचना दी कि कैंची मंदिर क्षेत्र में केरल ढाबे के पास सड़क से नीचे खाई में नदी के समीप किसी वाहन की लाइट दिखाई दे रही है। वाहन के खाई में गिरने की आशंका पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची।

सर्च अभियान के दौरान दूध का पिकअप वाहन संख्या यूके04-सीसी-3465 नदी के पास गहरी खाई में गिरा मिला। पुलिस टीम ने एसडीआरएफ और स्थानीय लोगों के सहयोग से रेस्क्यू अभियान चलाया और वाहन में फंसे तीनों व्यक्तियों को बाहर निकाला।

घायलों को तत्काल 108 एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवाली भेजा गया, जहां उनका उपचार कराया जा रहा है।घायलों में वाहन चालक अंकित सिंह (33), बॉबी (22) और मोहम्मद साकिब (11) तीनों निवासी हल्द्वानी शामिल हैं।पुलिस टीम में चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक विजय कुमार, अपर उपनिरीक्षक विजय कुमार, कांस्टेबल विनोद यादव और कांस्टेबल महेश गोस्वामी शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button