
जन एक्सप्रेस /रुद्रप्रयाग :- जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देश पर मंगलवार को विकासखंड जखोली के ग्राम रौंठिया में सरकार जनता के द्वार कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी सन्दीप भट्ट की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में ग्रामीणों ने विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर चार शिकायतें दर्ज कराईं। इनमें से तीन शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।
पेयजल आपूर्ति से संबंधित शिकायत पर संबंधित अधिकारी को मौके पर ही जानकारी देते हुए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समस्याओं के त्वरित समाधान का भरोसा दिलाया।
कार्यक्रम में पशुपालन विभाग की ओर से ग्रामीणों को विभागीय योजनाओं, स्वरोजगार और पशुपालन से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने पात्र ग्रामीणों से सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।
जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी सन्दीप भट्ट ने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाना और ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित निस्तारण प्रशासन की प्राथमिकता है।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान गिरीश सिंह, सहायक सांख्यिकीय अधिकारी सुमन सिंह, पशुधन प्रसार अधिकारी प्रदीप रावत, अमित प्रकाश, विनोद, ग्राम पंचायत विकास अधिकारी महेन्द्र प्रसाद, डीलर गुमान सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।






