utrakhandउत्तरकाशीनैनीताल

उत्तराखंड हाईकोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश नियुक्त हुए जस्टिस मनोज कुमार तिवारी

जन एक्सप्रेस /नैनीताल :- उत्तराखंड हाईकोर्ट के वरिष्ठ न्यायाधीश जस्टिस मनोज कुमार तिवारी को हाईकोर्ट का कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया है। केंद्र सरकार के विधि एवं न्याय मंत्रालय ने 6 अक्टूबर 2026 को इस संबंध में अधिसूचना जारी की। राष्ट्रपति की स्वीकृति के बाद संविधान के अनुच्छेद 223 के तहत यह नियुक्ति की गई है।

जस्टिस मनोज कुमार तिवारी 9 अक्टूबर 2026 से कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश का पद संभालेंगे। वर्तमान मुख्य न्यायाधीश जस्टिस मनोज कुमार गुप्ता 8 अक्टूबर को सेवानिवृत्त हो रहे हैं।

जस्टिस तिवारी को तीसरी बार उत्तराखंड हाईकोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश की जिम्मेदारी मिली है। इससे पहले वे अक्टूबर 2023 से फरवरी 2024 और अक्टूबर 2024 से भी कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश के रूप में जिम्मेदारी संभाल चुके हैं।

जस्टिस मनोज कुमार तिवारी का जन्म 19 सितंबर 1965 को पिथौरागढ़ में हुआ। प्रारंभिक शिक्षा पिथौरागढ़ से प्राप्त करने के बाद उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से एलएलबी की पढ़ाई पूरी की। वर्ष 1990 में अधिवक्ता के रूप में पंजीकरण कराने के बाद उन्होंने इलाहाबाद हाईकोर्ट में प्रैक्टिस शुरू की।

उत्तराखंड हाईकोर्ट की स्थापना के बाद वर्ष 2000 में वे नैनीताल आ गए। वर्ष 2008 में उन्होंने नैनीताल हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष के रूप में जिम्मेदारी संभाली। इसके बाद 19 मई 2017 को उन्हें उत्तराखंड हाईकोर्ट का स्थायी न्यायाधीश नियुक्त किया गया।

अब तीसरी बार कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश की जिम्मेदारी मिलने के बाद 9 अक्टूबर से उत्तराखंड हाईकोर्ट की न्यायिक व्यवस्था की कमान जस्टिस मनोज कुमार तिवारी संभालेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button