Crimeutrakhandउत्तरकाशीहल्द्वानी

65.40 लाख की स्मैक के साथ दो आरोपी गिरफ्तार

अल्टो कार से 218.04 ग्राम स्मैक बरामद, बहेड़ी से खरीदकर लाने का पुलिस को बताया

जन एक्सप्रेस /हल्द्वानी :-  नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ड्रग फ्री देवभूमि–ऑपरेशन प्रहार’ अभियान के तहत लालकुआं पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। सुभाष नगर बैरियर के पास चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक अल्टो कार से 218.04 ग्राम स्मैक बरामद करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। बरामद स्मैक की अनुमानित कीमत करीब 65.40 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार लालकुआं क्षेत्र में संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान यूपी24-एच-4787 नंबर की अल्टो कार को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कार में सवार दोनों व्यक्तियों के पास से स्मैक बरामद होने पर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नदीम खान उर्फ गण्ठा (36) निवासी सिरौली कलां, ऊधम सिंह नगर मूल निवासी बहेड़ी, बरेली तथा मो. शफीक उर्फ शफी (51) निवासी मोहम्मदपुर, थाना बहेड़ी, बरेली के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक नदीम खान ट्रक चालक है, जबकि मो. शफीक बनभूलपुरा में दर्जी का काम करता है।

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने स्मैक बहेड़ी से खरीदकर लाने की बात बताई है। इसके बाद पुलिस अब इस मामले में नशे की सप्लाई चेन से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है। कोतवाली लालकुआं में दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस अब नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। साथ ही आरोपियों के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की भी जानकारी जुटाई जा रही है। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि स्मैक किस व्यक्ति से खरीदी गई थी और इसकी सप्लाई कहां की जानी थी।

संयुक्त कार्रवाई में लालकुआं पुलिस और एसओजी की टीम शामिल रही। कार्रवाई में सफलता पर पुलिस टीम को 2,000 रुपये के पुरस्कार से पुरस्कृत करने की घोषणा की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button