
जन एक्सप्रेस /विकासनगर :- चकराता वन प्रभाग के बावर रेंज द्वारा मे बुधवार को पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज भटाड़, में वन्यजीव सुरक्षा सप्ताह के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को वन, वन्यजीवों और पर्यावरण संरक्षण के प्रति संवेदनशील बनाना रहा।कार्यक्रम में उप वन क्षेत्राधिकारी प्रीतम सिंह तोमर ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए वन्यजीवों के संरक्षण, उनके पारिस्थितिकी तंत्र में महत्व और उनसे जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वन्यजीव केवल जंगलों की शोभा नहीं, बल्कि प्रकृति के संतुलन के आधार भी हैं। जल, जंगल और जमीन के आपसी संबंध को समझाते हुए उन्होंने अवैध शिकार, वनों की कटाई और मानव-वन्यजीव टकराव जैसे मुद्दों पर भी प्रकाश डाला।
विद्यार्थियों को बताया गया कि छोटे स्तर पर भी जागरूकता और जिम्मेदार व्यवहार वन्यजीव सुरक्षा में बड़ी भूमिका निभा सकते हैं।
इस अवसर पर विद्यालय के बावर रेंज के वन क्षेत्राधिकारी शिवप्रसाद गैरोला ने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे वनों की सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण और वन्यजीवों के प्रति संवेदनशील रहें। उन्होंने कहा कि प्रकृति और वन्यजीवों का संरक्षण केवल विभाग या सरकार का काम नहीं, बल्कि हर नागरिक और खासकर युवा पीढ़ी की जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यार्थियों से संरक्षण के प्रयासों में सक्रिय सहभागिता करने और अपने आसपास के लोगों को भी जागरूक करने की अपील की।
कार्यक्रम में वन बीट सहायक मोल्टा निहाल सिंह चौहान, संगीता राणा बसेरा, कैलाश कुमार, पूरण सिंह, सुदिन प्रसाद यादव, विजय कुमार, देवेंद्र सिंह, सुरभि चौहान, सोनू जोशी, राहुल चौहान, गजेंद्र सिंह, सुरेश लाल और मनोज सिंह चौहान सहित विद्यालय के शिक्षक-कर्मचारी और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। वन विभाग के अधिकारियों ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए सवाल-जवाब के माध्यम से वन्यजीव सुरक्षा के व्यावहारिक उपाय भी साझा किए। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने वन्यजीव संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई। आयोजकों ने कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रम स्कूल स्तर पर निरंतर चलाए जाएंगे, ताकि युवा पीढ़ी प्रकृति के संरक्षण में आगे आए।






