utrakhandउत्तरकाशी

झोलाछाप डॉक्टरों और अवैध क्लीनिकों पर होगी सख्त कार्रवाई

जन एक्सप्रेस /नैनीताल :-  जनपद में बिना वैध चिकित्सकीय योग्यता और पंजीकरण के संचालित हो रहे दवाखानों, झोलाछाप क्लीनिकों और नीम-हकीमों के खिलाफ प्रशासन सख्त कार्रवाई करेगा। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने कार्रवाई के लिए नगर और ग्रामीण क्षेत्रों के लिए अलग-अलग समितियों का गठन किया है।

जिलाधिकारी ने बताया कि ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में कुछ व्यक्तियों द्वारा बिना वैध चिकित्सकीय अर्हता और पंजीकरण के क्लीनिक संचालित किए जाने की शिकायतें सामने आती रही हैं। अप्रशिक्षित व्यक्तियों द्वारा इलाज किया जाना जनस्वास्थ्य के लिए जोखिमपूर्ण है।

नगर क्षेत्र की समिति में नगर आयुक्त नगर निगम हल्द्वानी-काठगोदाम, संबंधित उपजिलाधिकारी, नगर पालिका/नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी और मुख्य चिकित्साधिकारी द्वारा नामित चिकित्सक को शामिल किया गया है। वहीं ग्रामीण क्षेत्र की समिति में संबंधित उपजिलाधिकारी, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत, नामित चिकित्सक, खंड विकास अधिकारी तथा संबंधित ग्राम विकास अधिकारी/ग्राम पंचायत अधिकारी को शामिल किया गया है।

दोनों समितियां स्थानीय पुलिस के समन्वय से अपने-अपने क्षेत्रों में चेकिंग अभियान चलाकर क्लीनिक संचालकों की शैक्षणिक योग्यता, मेडिकल काउंसिल में पंजीकरण और औषधि लाइसेंस की जांच करेंगी। बिना वैध प्रमाण पत्र के संचालित पाए जाने वाले क्लीनिकों को सील करने के साथ संबंधित के खिलाफ एफआईआर की कार्रवाई की जाएगी।

इसके अलावा नीम-हकीमों और अवैध चिकित्सकों के प्रचार-प्रसार से संबंधित होर्डिंग और पोस्टर भी हटाए जाएंगे। जिलाधिकारी ने समितियों को प्राथमिकता के आधार पर अभियान चलाने और प्रतिदिन की कार्रवाई की रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button