
जन एक्सप्रेस /कैंचीधाम :- आयुक्त कुमाऊं मंडल एवं जिलाधिकारी नैनीताल के निर्देश पर जिला पर्यटन विभाग ने मंगलवार को कैंचीधाम क्षेत्र में संचालित होटल और होम स्टे इकाइयों का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान कुल 26 इकाइयों का भौतिक सत्यापन किया गया।
निरीक्षण में कुछ इकाइयों में रेट लिस्ट प्रदर्शित नहीं होने, पंजीकृत क्षमता से अधिक कमरों का संचालन करने तथा पर्यटन नियमावली के निर्धारित मानकों का पालन नहीं किए जाने की स्थिति सामने आई। इसके चलते 22 पंजीकृत इकाइयों पर 10-10 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया गया।
वहीं बिना पंजीकरण संचालित दो इकाइयों को तत्काल संचालन बंद करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा मानकों के अनुरूप संचालन नहीं पाए जाने पर चार इकाई संचालकों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए।
जिला पर्यटन विकास अधिकारी ने बताया कि जनपद में होटल और होम स्टे इकाइयों का नियमित रूप से भौतिक निरीक्षण किया जा रहा है। जांच के दौरान नियमों और निर्धारित मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।






