Crimeउत्तरकाशीहल्द्वानी

हल्दीखाल में बरसाती नाले के कटाव से पलटा लोडेड डंपर, चालक घायल

तीन साल से समस्या उठाए जाने का लोकमनी जोशी ने किया दावा, संपर्क मार्ग की सुरक्षा और मरम्मत पर उठाए सवाल

जन एक्सप्रेस /हल्द्वानी :-  हल्द्वानी के ग्राम हल्दीखाल स्थित वार्ड नंबर 37 में गोधाम के सामने संपर्क मार्ग पर बरसाती नाले के कटाव के कारण हादसा होने का मामला सामने आया है। रविवार को यहां एक लोडेड डंपर पलट गया, जिससे चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल चालक को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

स्थानीय संयोजक लोकमनी जोशी के अनुसार, बरसात के पानी से सड़क किनारे लगातार भूमि कटाव हो रहा था, जिससे संपर्क मार्ग का एक हिस्सा असुरक्षित हो गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि इस समस्या को लेकर पिछले तीन वर्षों से संबंधित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को अवगत कराया जा रहा था, लेकिन स्थायी समाधान नहीं हो सका।

लोकमनी जोशी ने बताया कि कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत, हल्द्वानी के महापौर गजराज सिंह बिष्ट और क्षेत्रीय विधायक के समक्ष भी समस्या उठाकर संपर्क मार्ग को सुरक्षित बनाने की मांग की गई थी। उनका कहना है कि समय रहते सड़क की मरम्मत और सुरक्षा के इंतजाम किए जाते तो हादसे को टाला जा सकता था।

डंपर दुर्घटना के बाद क्षेत्र में संपर्क मार्ग की स्थिति और बरसाती नाले से हो रहे कटाव को लेकर सवाल उठ रहे हैं। लोकमनी जोशी ने प्रशासन से मामले का संज्ञान लेकर प्रभावित स्थल का निरीक्षण कराने और कटाव रोकने के लिए स्थायी समाधान करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से किसी स्थान पर खतरे की सूचना मिलने पर संबंधित विभागों को समय रहते आवश्यक कदम उठाने चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button