तत्योरा में नाला खुदाई कार्य का डीएम ने किया निरीक्षण, जल निकासी दुरुस्त करने के निर्देश

जन एक्सप्रेस/हरदोई :- हरदोई विकासखंड बावन की ग्राम पंचायत तत्योरा में वीबीजी रामजी योजना के तहत विशेष रोजगार अभियान दिवस पर कराए जा रहे नाला खुदाई कार्य का डीएम राहुल पाण्डेय ने अधिकारियों के साथ निरीक्षण किया। उन्होंने पैदल चलकर पूरे नाले की उपयोगिता परखी और मौके पर कार्य कर रहे श्रमिकों से संवाद किया।
बावन रोड पुलिया से हरदोई बाईपास तक करीब 1250 मीटर लंबे नाले की कुल लागत 9,76,171 रुपये बताई गई। यह नाला बाईपास को पार करते हुए विकासखंड सुरसा की ग्राम पंचायत हरदोई देहात के बड़े नाले से जुड़ता है।
डीएम ने संबंधित खंड विकास अधिकारियों को निर्देश दिए कि जल निकासी सुचारु रखने के लिए पूरे नाले के साथ बड़े नाले की भी अच्छी तरह सफाई कराई जाए। नाले का ढलान सही रखा जाए, ताकि पानी की निकासी में बाधा न आए। उन्होंने कार्य से पहले और बाद के फोटो सुरक्षित रखने तथा काम पूरा होने के बाद दोबारा निरीक्षण करने के निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त श्रम रोजगार संतोष सिंह, खंड विकास अधिकारी बावन डॉ. रामप्रकाश, अवर अभियंता लघु सिंचाई प्रदीप पाराशर, ग्राम पंचायत अधिकारी शत्रोहन सिंह, तकनीकी सहायक अवधेश शरण और मुनीर प्रशासक सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।






