गौकशी के मामले में वांछित आरोपी पुलिस मुठभेड़ में घायल, अवैध तमंचा व बाइक बरामद

कानपुर से अमन तिवारी की रिपोर्ट
जन एक्सप्रेस /कानपुर :- थाना रेलबाजार पुलिस ने रविवार, 22 नवंबर 2026 की सुबह चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर गौकशी के मामले में वांछित अभियुक्त को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ शिवनारायण टंडन पुल के पास हुई, जिसमें अभियुक्त के बाएं पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान मो0 मुजम्मिल कुरैशी उर्फ मीम पुत्र सरताज निवासी थाना क्षेत्र जाजमऊ के रूप में हुई है। पुलिस टीम ने फेथफुलगंज क्षेत्र में हुई गौकशी की घटना में उसकी तलाश करते हुए घेराबंदी की थी। इसी दौरान अभियुक्त ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें अभियुक्त घायल हो गया।

घायल अभियुक्त को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया है। उसके कब्जे से 315 बोर का एक अवैध तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस, 60 रुपये नकद, मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल बरामद हुई है। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में अभियुक्त ने अपने भाई एहतिशाम के साथ मिलकर 17/18 नवंबर की रात आजाद पार्क, फेथफुलगंज के पास गौकशी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया है। अभियुक्त के उपचार के बाद पुलिस द्वारा अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी। सूचना पर डीसीपी पूर्वी सत्यजीत गुप्ता भारी पुलिस बल के साथ घटना स्थल पर पहुंचे।






