भाजपा की शराब नीति का पुतला फूंकेगी कांग्रेस

देहरादून । कांग्रेस ने उत्तराखंड सरकार पर पानी, बिजली महंगी और शराब सस्ती बेचने का आरोप लगाया है। पार्टी का कहना है कि भाजपा सरकार देवभूमि उत्तराखंड को नशा प्रदेश बनाना चाहते हैं।
मंगलवार को कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने उत्तराखंड सरकार के मंत्रिमण्डल की बैठक में प्रदेश में शराब सस्ती किये जाने के फैसले का कड़ा विरोध किया है। उन्होंने उत्तराखंड मंत्रिमण्डल के इस निर्णय को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि राज्य सरकार की आबकारी नीति पूर्ण रूप से शराब माफिया को संरक्षण देने, शराब की तस्करी को बढ़ावा देने और उत्तराखण्ड के गांवों में हर घर तक शराब पहुंचाने वाली है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष माहरा ने कहा कि एक ओर भाजपा सरकार आम जरूरत की चीजों बिजली, पानी, सीवर, पठन-पाठन सामग्री कापी, किताब, पेन, पेंसिल, रबर, रसोई गैस सिलेण्डर, परिवहन निगम की बसों के किराये की दरों में भारी वृद्धि कर आम जनता का शोषण कर रही है वहीं शराब को बढ़ावा देकर देवभूमि उत्तराखंड को शराब प्रदेश बनाकर यहां के बेरोजगार नौजवानों को नशे में डुबोने और लोगों के स्वास्थ्य से भी खिलवाड़ करना चाहती है। दूसरी तरफ देवभूमि उत्तराखंड की संस्कृति को कलंकित करते हुए शराब माफिया के दबाव में शराब के दामों में कटौती कर देवभूमि को शराब प्रदेश बनाने का षडयंत्र किया जा रहा है, जिसका कांग्रेस पार्टी पुरजोर विरोध करती है।
उन्होंने कहा कि राज्य में भिटोली का महीना चल रहा है। खाद्य पदार्थों के दामों में कमी करने की बजाय भाजपा की राज्य सरकार द्वारा पानी के दामों में 15 प्रतिशत, बिजली के दामों में 12 प्रतिशत, पठन सामग्री पर 20 प्रतिशत बढ़ोतरी कर प्रदेश की बहनों को तोहफा दिया गया है। उन्होंने कहा कि केन्द्र व राज्य सरकार की उपेक्षापूर्ण नीतियों के कारण गरीब और आम आदमी पहले से ही महंगाई की मार से त्रस्त है। पिछले एक वर्ष के अन्तराल में आम जरूरत की चीजों के दामों में कई गुना वृद्धि पर केन्द्र व राज्य सरकार नियंत्रण नहीं कर रही है। रसोई गैस, पेट्रोलियम पदार्थ और खाद्य पदार्थों के लगातार बढ़ रहे दामों के बाद राज्य सरकार बिजली पानी की दरों में भारी वृद्धि कर जनता को महंगाई के बोझ से लादने का काम किया जा रहा है।






