उत्तराखंड

प्रधानमंत्री का दिल जीतने का संदेश प्रेरणादायी : धामी

देहरादून । भाजपा ने गुरुवार को अपना 44वां स्थापना दिवस प्रदेश के लगभग 11 हज़ार पोलिंग बूथों और 2772 शक्ति केंद्रों में प्रधानमंत्री मोदी के वर्चुअल उद्बोधन के साथ मनाया। प्रदेश कार्यालय में हुए मुख्य कार्यक्रम में सीएम पुष्कर धामी और प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट की मौजूदगी में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री के जनता का दिल जीतने के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ने का संकल्प लिया गया।

प्रधानमंत्री के वर्चुअली संबोधन से पूर्व मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने समस्त पार्टी कार्यकर्ताओं को स्थापना दिवस और सभी प्रदेशवासियों को हनुमान जयंती की शुभकामनाएं देते हुए उन सभी कार्यकर्ताओं के प्रति कृतज्ञता प्रकट की, जिन्होंने अपना जीवन लगाकर भाजपा जैसे पौधे को लगाया और वह आज वटवृक्ष बनकर कर भारत की सेवा कर रहा है। कार्यक्रम के दौरान मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि मोदी जी ने जनता का दिल जीतने का जो लक्ष्य आज के अपने प्रेरणादायी संबोधन में दिया है, उसको लेकर भाजपा और उनकी सरकार प्राण प्रण से कार्य करेगी। हमारे इन कामों में पार्टी के मार्गदर्शक पंडित दीनदयाल उपाध्याय और श्यामा प्रसाद मुखर्जी के अंत्योदय विचारों और राष्ट्रसेवा के भाव समाहित रहेंगे ।

प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने पार्टी की विकास यात्रा की विस्तार से जानकारी देते हुए पार्टी के उन तमाम वरिष्ठ नेताओं एवं कार्यकर्ताओं को याद किया, जिनके बूते पार्टी राज्य में लोकप्रियता के शीर्ष पर पहुंची है। उन्होंने पार्टी की नींव रहे ऐसे नामों में पूर्व विधायक सोहन सिंह जीना, शेर सिंह दानू, नारायण सिंह, देवेंद्र शास्त्री, मोहन सिंह रावत गांववासी, मनोहर कांत ध्यानी, प्रताप सिंह, मोहनलाल बौंठियाल, राजेंद्र रावत समेत अनेक नामों का जिक्र किया।

उन्होंने कहा, भाजपा के 44 वर्ष और इससे पूर्व की जनसंघ की यात्रा के बाद भी लोकतांत्रिक मूल्यों एवं विचारों पर चलने वाली एकमात्र पार्टी यदि कोई है तो वह भारतीय जनता पार्टी ही है। भाजपा प्रदेश में पहली पार्टी है जिसने अपने प्रत्येक बूथ स्तर पर सोशल मीडिया और आईटी टीम तैयार की है। पार्टी की प्रत्येक गतिविधि व जानकारी सोशल मीडिया में अपलोड की जाती है। सरल एप से प्रत्येक कार्यकर्ता से संबंधित जानकारी अपडेट होती है। उन्होंने प्रधानमंत्री के उद्बोधन को कार्यकर्ताओं के लिए उत्साहवर्धक,राष्ट्र को परम वैभव और विश्व गुरु बनाने की दिशा में प्रेरित करने वाला बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button