मध्यप्रदेश

मुख्यमंत्री आज निमाड़ की दो परियोजनाओं को करेंगे लोकार्पित

खरगोन । मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान आज (रविवार) सूबे के निमाड़ अंचल की दो माइक्रो सिंचाई परियोजनाओं को लोकार्पित करेंगे। इन दो परियोजनाओं के लोकार्पण के साथ ही प्रदेश में आगामी 14 अगस्त तक चलने वाले विकास पर्व कार्यक्रम का भी शुभारंभ होगा। जनसम्पर्क अधिकारी पुष्पेन्द्र वास्कले ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि 1173 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित नागलवाड़ी उद्वहन सिंचाई परियोजना से बड़वानी जिले के 50 गांव तथा खरगोन जिले के 74 गांव सिंचित होंगे। वहीं 155.72 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित पाटी उद्वहन सिंचाई परियोजना से बड़वानी एवं पाटी तहसील के 23 गांव सिंचित होंगे। नागलवाड़ी उद्वहन सिंचाई परियोजना से जिले के 18720 रकबे में सिंचाई होगी। परियोजना के तहत बड़वानी जिले के ग्राम ब्राह्मणगांव, अजंदी, बड़सलाय, बोबलवाड़ी एवं रूई में तथा खरगोन जिले के ग्राम बड़ा एवं लेहकू में पंपिंग स्टेशन बनाए गए हैं। पाइप लाइन के माध्यम से खेतों में सिंचाई के लिए छोटे-छोटे स्टेशन बनाए गए हैं।

उन्होंने बताया कि 155.72 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित पाटी उद्वहन सिंचाई परियोजना के तहत ग्राम बिजासन व घुंघसी में पम्प हाउस बनाए गए हैं। इस परियोजना से बड़वानी एवं पाटी तहसील के 23 गांवों की 5940 हेक्टेयर कृषि भूमि नर्मदा जल से सिंचित होगी। साथ ही 5.37 मेगावाट विद्युत की खपत होगी।

मुख्यमंत्री चौहान दोपहर 1:35 बजे नांगलवाड़ी पहुंचेंगे और यहां भिलट देव मंदिर के दर्शन करने के उपरांत नागलवाड़ी में नागलवाड़ी एवं पाटी उद्वहन सिंचाई परियोजना का लोकार्पण करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button