अयोध्या

हनुमानजी की कृपा से हटा कुश्ती पर लगा ग्रहण: बृजभूषण शरण

अयोध्या: भारतीय कुश्ती संघ के नए अध्यक्ष के रूप में संजय सिंह को चुने जाने के बाद कैसरगंज के सांसद व पूर्व कुश्ती संघ अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह शनिवार को रामनगरी पहुंचे। उन्होंने कुश्ती संघ अध्यक्ष के साथ हनुमानगढ़ी पर दर्शन – पूजन किया और नागा पहलवानों से भी मुलाकात की।

इस दौरान पूर्व अखाड़ा परिषद अध्यक्ष महंत ज्ञानदास से आशीर्वाद भी लिया। बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि पिछले 11 महीने से भारतीय कुश्ती पर लगा ग्रहण हनुमान जी की कृपा से हट गया है। उन्होंने कहा मैं हनुमान जी को अपना आराध्य मानता हूं। मेरी जिंदगी की शुरुआत भी यही से हुई है। स्थान के महंत ज्ञान दास ने अपना खून देकर हमें जीवन दान भी दिया है।

उन्होंने भारत सरकार व खेल मंत्रालय को धन्यवाद देते हुए कहा कि निष्पक्ष रूप से संघ चुनाव का मतदान कराया गया। कुल 50 मतदाता थे। बताया कुल 47 मत पड़े हैं जिसमें 40 वोट हमारे प्रतिष्ठा के लिए पड़े। उन्होंने कहा देश के जूनियर पहलवानों की जीत है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी धन्यवाद ज्ञापित किया।

बोले किसी जाति, मजहब और प्रांत के आधार पर हमने कभी भेदभाव नहीं किया है। इस दौरान महंत माधव दास, महंत संजय दास, पुजारी हेमंत दास, महंत डॉ महेश दास, डॉ देवेशाचार्य, संत हेमंतदास, गदाधर दास, बालमुकुंद दास मौजूद रहे। सांसद के काफिले के कारण हनुमानगढ़ी से लेकर मुख्य मार्ग तक लम्बा जाम भी लगा रहा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button