अयोध्या में रामलला संग मकर संक्रांति का उत्सव, पतंग अर्पित कर किया विशेष पूजन
सरयू तट पर भोर से उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, जय श्रीराम के उद्घोष से गूंज उठी रामनगरी

जन एक्सप्रेस/अयोध्या।मकर संक्रांति के पावन अवसर पर रामनगरी अयोध्या पूरी तरह भक्ति और उल्लास के रंग में रंगी नजर आई। भोर से ही श्रद्धालुओं ने सरयू नदी में आस्था की डुबकी लगाई और तिल, गुड़, वस्त्र व अन्न का दान कर पुण्य अर्जित किया।राम मंदिर में मकर संक्रांति के अवसर पर विशेष पूजन-अर्चन किया गया। इस दौरान भक्तों की ओर से रामलला को पतंग अर्पित की गई, जिससे पर्व की सांस्कृतिक परंपरा को भावपूर्ण ढंग से साकार किया गया।वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संपन्न हुई पूजा के दौरान जय श्रीराम के उद्घोष से मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा।विशेष भोग अर्पित, धार्मिक अनुष्ठानों का हुआ आयोजनपर्व के अवसर पर रामलला को विशेष भोग अर्पित किया गया। मंदिर के पुजारियों द्वारा विधिवत पूजन कर भगवान से लोककल्याण की कामना की गई। श्रद्धालुओं ने दर्शन-पूजन कर सुख-समृद्धि की प्रार्थना की।
सरयू तट पर आस्था का संगम, ठंड भी नहीं रोक सकी श्रद्धालुओं के कदम
भीषण ठंड के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। सुबह 4 बजे से ही सरयू के विभिन्न घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने दान-पुण्य कर धर्म लाभ अर्जित किया।मकर संक्रांति के मद्देनजर प्रशासन की ओर से सुरक्षा और व्यवस्थाओं के व्यापक इंतजाम किए गए थे। पुलिस बल और स्वयंसेवकों की तैनाती से घाटों और मंदिर परिसर में व्यवस्था सुचारू बनी रही।
दर्शन को उमड़े श्रद्धालु, स्नान और दान-पुण्य के बाद श्रद्धालु बड़ी संख्या में राम मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचे। दिनभर श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रहने की संभावना है।






