
जन एक्सप्रेस संवाददाता, हरिद्वार। थाना बहादराबाद क्षेत्र के ग्राम अहमदपुर ग्रांट में स्थित उत्तम डिस्टिलरी फैक्ट्री में बुधवार तड़के उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अचानक बाढ़ का पानी परिसर में घुस आया। उस वक्त फैक्ट्री में काम कर रहे करीब डेढ़ सौ लोगों के फंसे होने की सूचना 112 कंट्रोल रूम को मिली, जिसके बाद प्रशासन और पुलिस की टीमें हरकत में आ गईं।
बचाव कार्य ने बचाई 52 ज़िंदगियां
सूचना मिलते ही थाना बहादराबाद से वरिष्ठ उप निरीक्षक प्रदीप राठौर, शांतरशाह चौकी प्रभारी खेमेंद्र गंगवार, रात्रि अधिकारी राकेश सिंह समेत पुलिस बल मौके पर पहुंचा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए फायर ब्रिगेड व जल पुलिस को भी बुलाया गया।इंस्पेक्टर नरेश राठौड़ ने बताया कि समय पर राहत कार्य शुरू होने के चलते 52 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिनमें फैक्ट्री के 40 कर्मचारी व मजदूर और 12 ट्रक चालक शामिल हैं।
समय पर पहुंची टीम, टला बड़ा हादसा
प्रशासन की मुस्तैदी ने एक बड़ी त्रासदी को टाल दिया। सभी रेस्क्यू किए गए लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेज दिया गया है। घटनास्थल पर मौजूद टीमों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए तेजी से पानी से घिरे हिस्सों से लोगों को निकाला और जान-माल की हानि को रोका।
घटना बुधवार सुबह करीब 4:30 बजे की है कंट्रोल रूम को फैक्ट्री में लोगों के फंसे होने की सूचना मिली पुलिस व राहत दलों ने तत्परता से 52 लोगों को सुरक्षित निकाला फैक्ट्री का हिस्सा पूरी तरह से जलभराव की चपेट में आ गया था प्रशासन ने नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है। साथ ही आपात स्थिति में 112 या नजदीकी पुलिस स्टेशन से तुरंत संपर्क करने को कहा है।






