केजरीवाल-भगवंत मान निकालेंगे तिरंगा यात्रा, जयपुर में जनसभा की तैयारी

जयपुर । राजस्थान में विधानसभा चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी (आप) भी इस बार पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरने की तैयारी कर रही है। आप प्रमुख और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान सोमवार को जयपुर पहुंच रहे हैं। यहां ये अजमेरी गेट पर जनसभा को संबोधित करेंगे।
आप के पूर्व प्रदेश संगठन मंत्री गिरिराज सिंह खंगारोत ने बताया कि दोनों सीएम चार्टर प्लेन से 12 बजे जयपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। वहां से सीधे सर्किट हाउस जाएंगे। सर्किट हाउस से सांगानेरी गेट पहुंचेंगे। जहां से तिरंगा यात्रा शुरू होगी। करीब 12.30 बजे यात्रा सांगानेरी गेट से शुरू होगी। जो बापू बाजार, न्यू गेट, नेहरू बाजार होते हुए अजमेरी गेट पहुंचेगी। आखिरी में अजमेरी गेट पर ट्रक में बने मंच से दोनों मुख्यमंत्री जनता को संबोधित करेंगे।
करीब एक किलोमीटर की इस यात्रा में सभी कार्यकर्ता और पदाधिकारी राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा हाथ में लेकर उसे फहराएंगे। इस मौके पर आप के प्रदेश प्रभारी विनय मिश्रा प्रभारी समेत अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहेंगे।
वर्तमान में राजस्थान में आप की कार्यकारिणी नहीं है। संभावना है कि इस जनसभा के बाद आप प्रमुख अरविंद केजरीवाल राजस्थान के प्रदेशाध्यक्ष की घोषणा कर दें। इसके अलावा प्रदेश कार्यकारिणी के अन्य महत्वपूर्ण पदों पर भी नियुक्ति की घोषणा की जा सकती है। चुनाव नजदीक आता देख पार्टी चाहती है कि प्रदेश में करीब 50 से ज्यादा ऐसी सीटों पर चुनाव लड़ा जाए। जहां भाजपा-कांग्रेस दोनों ही पार्टियों के प्रति जनता में नाराजगी हो। ताकि वहां जनता के लिए तीसरा विकल्प बन सके। इस यात्रा में ज्यादा से ज्यादा जनता और आप के कार्यकर्ता पहुंच रहे हैं। इसके लिए प्रदेश के सभी विधानसभा क्षेत्रों में प्रचार-प्रसार किया गया है।
इसके तहत राजस्थान में आप से जुड़े सक्रिय कार्यकर्ताओं और पूर्व पदाधिकारियों ने बैठकें कर आमजन से 13 मार्च को जयपुर पहुंचने की अपील की है। इसके अलावा तीन दिन पहले जयपुर समेत अन्य शहरों में एक वाहन रैली भी निकाली गई।






