चित्रकूट में आस्था पर हमला: हनुमान मंदिर में तोड़फोड़, ग्रामीणों में आक्रोश
चप्पल से की गई मूर्ति की अभद्रता, नर्मदेश्वर शंकर जी की प्रतिमा भी गिराई गई; गांव में तनाव का माहौल

जन एक्सप्रेस चित्रकूट/करौंदी कला: करौंदी कला गांव में धार्मिक आस्था को ठेस पहुंचाने वाला एक गंभीर मामला सामने आया है। अज्ञात असामाजिक तत्वों ने रात के अंधेरे में गांव के प्रसिद्ध हनुमान मंदिर में चप्पल पहनकर प्रवेश किया और हनुमान जी की मूर्ति पर चप्पल से हमला किया। जब इतना भी उनके लिए पर्याप्त नहीं हुआ, तो पास ही स्थित नर्मदेश्वर शंकर जी की मूर्ति को उखाड़कर जमीन पर फेंक दिया।
इस जघन्य और निंदनीय कृत्य से गांववासियों की धार्मिक भावनाओं को गहरी चोट पहुंची है। घटना की जानकारी फैलते ही पूरे गांव में आक्रोश की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों का कहना है कि यह हमला केवल मूर्तियों पर नहीं, बल्कि उनकी आस्था और पहचान पर है। गांव में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है और स्थानीय प्रशासन को तुरंत हस्तक्षेप करना पड़ा।
पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंच गया है और अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। गांव में शांति बनाए रखने के लिए पुलिस बल की तैनाती की गई है। ग्रामीणों ने दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है और चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई, तो आंदोलन किया जाएगा। यह घटना सिर्फ कानून व्यवस्था का नहीं, बल्कि सामाजिक सौहार्द पर भी गंभीर चोट है।






