देश

सरसों खरीद शुरू करवाने को लेकर किसानों ने विधायक कार्यालय के आगे धरना

फतेहाबाद । पिछले काफी समय से जिले में सरसों की खरीद बंद होने से किसानों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सरसों की खरीद शुरू करवाने की मांग को लेकर जिलेभर के किसानों द्वारा शुक्रवार को पगड़ी संभाल जट्टा किसान संघर्ष समिति हरियाणा के आह्वान पर फतेहाबाद के विधायक दुड़ाराम के अनाज मंडी स्थित कार्यालय के बाहर धरना दिया गया।

इस दौरान खफा किसानों ने प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रोष जताया। धरने की अध्यक्षता किसान संघर्ष समिति के जिला प्रधान ओम प्रकाश मंडा, हसंगा ने जबकि संचालन कर्मजीत सिंह सालमखेड़ा ने किया। किसानों के धरने की सूचना मिलते ही विधायक दुड़ाराम धरनास्थल पर पहुंचे, जहां किसान संघर्ष समिति द्वारा उन्हें सीएम के नाम मांग पत्र सौंपा गया। विधायक ने किसानों को आश्वासन दिया कि वह इस मामले को लेकर मुख्यमंत्री से बातचीत करेंगे और सरसों की खरीद जल्द शुरू करवाने का प्रयास किया जाएगा।

इससे पूर्व धरने को संबोधित करते हुए किसान संघर्ष समिति के जिला प्रधान ओमप्रकाश मंडा व प्रदेश उपाध्यक्ष रविन्द्र सिंह हिजरावां ने कहा कि पिछले काफी समय से फतेहाबाद में सरसों की खरीद नहीं हो रही है। सरसों खरीद बंद होने से सरसों उत्पादन किसानों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पगड़ी संभाल जट्टा किसान संघर्ष समिति द्वारा 24 मई को किए गए प्रदर्शन के दौरान प्रशासन को एक जून तक का अल्टीमेटम दिया गया था, लेकिन सरकार व प्रशासन किसानों की समस्याओं को लेकर गंभीर नहीं है। ऐसे में एक बार फिर किसानों को आज धरना देने पर मजबूर होना पड़ा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button