उत्तर प्रदेशराजनीतिलखनऊ
सीएम योगी ने चौधरी चरण सिंह को दी श्रद्धांजलि: योगी ने कहा कि -खेतों से जाता है विकास का रास्ता, समृद्ध गांव और सशक्त किसान था सपना

जन एक्सप्रेस/लखनऊ।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न चौधरी चरण सिंह की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। विधान भवन परिसर में स्थित चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा पर मुख्यमंत्री ने पुष्पांजलि अर्पित की और उनके योगदान को याद किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री के साथ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र चौधरी, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, कैबिनेट मंत्री जयवीर सिंह और मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह भी मौजूद रहे। सभी नेताओं ने एकजुट होकर चौधरी चरण सिंह के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की और उनकी नीतियों को आज भी प्रासंगिक बताया। वहीं पुण्यतिथि के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया पर भी अपनी श्रद्धांजलि व्यक्त की। उन्होंने ट्वीट कर लिखा- देश की समृद्धि का रास्ता गांव के खेत एवं खलिहानों से होकर जाता है।
चौधरी चरण सिंह ‘समृद्ध गांव’ और ‘सशक्त किसान’ के लिए आजीवन समर्पित रहे। उन्होंने उन्हें ‘वंचितों के उत्थान, किसानों के कल्याण और ग्रामीण भारत की प्रगति’ के लिए समर्पित व्यक्तित्व बताया।






