दिल्ली/एनसीआर

सुकेश पर आरोप तय करने के आदेश के खिलाफ हाई कोर्ट में सुनवाई टली

नई दिल्ली। दिल्ली हाई कोर्ट ने एआईएडीएमके सिंबल मामले में निर्वाचन आयोग को रिश्वत देने की कोशिश के मामले में आरोपित सुकेश चंद्रशेखर की मनी लांड्रिंग के मामले में आरोप तय करने के आदेश को चुनौती देने वाली याचिका पर सुनवाई टाल दी है। बुधवार को जस्टिस दिनेश कुमार शर्मा ने 31 जुलाई को अगली सुनवाई करने का आदेश दिया।

बुधवार को सुकेश चंद्रशेखर के वकील ने लिखित दलीलें दाखिल करने के लिए समय देने की मांग की। जिसके बाद कोर्ट ने सुनवाई टाल दी। ईडी ने कहा कि सुकेश चंद्रशेखर इस मामले में देरी करना चाहता है इसलिए दलीलें दाखिल करने के लिए समय मांग रहा है। 2 मार्च को कोर्ट ने सुकेश चंद्रशेखर और ईडी को लिखित दलीलें दाखिल करने का निर्देश दिया था। कोर्ट ने कहा था कि नोटिस जारी नहीं कर रहे हैं लेकिन इस मामले में विस्तार से गौर करने की जरूरत है। इसलिए आप दोनों लिखित दलीलें दाखिल करें।

सुकेश की ओर से पेश वकील अनंत मलिक ने कहा था कि इससे जुड़े मुख्य मामले में रोक लग चुकी है, ऐसे में ट्रायल कोर्ट कोर्ट को मनी लांड्रिंग के तहत आरोप तय नहीं करने चाहिए थे। उन्होंने कहा था कि मनी लांड्रिंग जिस केस के आधार पर किया गया है, वो अनुसूचित अपराध है। सुनवाई के दौरान ईडी ने कहा था कि अगर याचिकाकर्ता की दलील मान ली जाए तो इसके दूरगामी असर होंगे। याचिका ट्रायल में बाधा खड़ी करने के लिए दायर की गई है। ईडी ने कहा था कि आरोपित ने पैसों से कारें खरीदीं और बिलों का भुगतान किया।

यह मामला एआईएडीएमके के सिंबल मामले में निर्वाचन आयोग को रिश्वत देने की कोशिश का है। इस मामले में सुकेश चंद्रशेखर को 16 अप्रैल, 2017 को गिरफ्तार किया गया था। इस मामले में दिल्ली पुलिस ने 14 जुलाई, 2018 को सुकेश चंद्रशेखर के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की थी। 17 नवंबर, 2018 को पटियाला हाउस कोर्ट ने टीटीवी दिनाकरन के अलावा सुकेश चंद्रशेखर, मल्लिकार्जुन और वकील बी कुमार के खिलाफ आरोप तय किए थे। सुकेश के खिलाफ दिनाकरन के लिए दोबारा पार्टी सिंबल निर्वाचन आयोग से दिलवाने के लिए 50 करोड़ की डील कराने का आरोप है। क्राइम ब्रांच ने सुकेश के यहां से एक करोड़ से ज्यादा की रकम बरामद की थी। क्राइम ब्रांच को दस करोड़ के हवाला लेन देन के सबूत मिले हैं। ये रकम चेन्नई, कोच्चि और चांदनी चौक रुट के जरिए डिलीवरी की जाती थी। फिलहाल, सुकेश चंद्रशेखर पर रैनबैक्सी के पूर्व प्रमोटर शिवेंद्र सिहं की पत्नी अदिति सिंह की पत्नी से 200 करोड़ की ठगी के मामले में जेल में बंद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button