उत्तराखंडनई टिहरी

कांवड़ मेले को लेकर मुनिकीरेती में SSP श्वेता चौबे ने परखी सुरक्षा व्यवस्था, कांवड़ियों को बांटे फल-जूस

जन एक्सप्रेस / नई टिहरी: कांवड़ मेले के मद्देनजर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे ने मुनिकीरेती क्षेत्र का व्यापक निरीक्षण कर सुरक्षा एवं मेला व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न ड्यूटी प्वाइंटों पर तैनात पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों और स्पेशल पुलिस ऑफिसर्स (SPO) से संवाद कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने मेला ड्यूटी में पुलिस का सहयोग कर रहे SPO को टी-शर्ट, टोपी और पहचान पत्र वितरित किए। उन्होंने उत्कृष्ट एवं समर्पित ड्यूटी के लिए उन्हें प्रोत्साहित भी किया।

कांवड़ियों को बांटे फल, जूस और पेयजल

निरीक्षण के दौरान एसएसपी श्वेता चौबे ने कांवड़ यात्रा पर आए श्रद्धालुओं को फल, जूस एवं पेयजल वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कांवड़ियों से सुरक्षित और अनुशासित यात्रा करने की अपील की।

एसएसपी ने श्रद्धालुओं से पुलिस द्वारा जारी यातायात एवं सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करने का अनुरोध किया, ताकि यात्रा के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।

खोया-पाया केंद्र का भी किया निरीक्षण

एसएसपी ने खोया-पाया केंद्र का निरीक्षण कर वहां तैनात पुलिसकर्मियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भीड़ में बिछड़ने वाले श्रद्धालुओं, खासकर बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों के प्रति पुलिसकर्मी संवेदनशीलता, धैर्य और तत्परता के साथ कार्य करें तथा जरूरतमंदों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराएं।

यातायात और भीड़ प्रबंधन पर विशेष फोकस

एसएसपी ने संबंधित अधिकारियों को कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम यातायात, प्रभावी भीड़ प्रबंधन, गंगा घाटों की सतत निगरानी और आपातकालीन व्यवस्थाओं पर विशेष सतर्कता बनाए रखने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि सभी व्यवस्थाओं का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कांवड़ियों की यात्रा सुरक्षित, सुव्यवस्थित और निर्बाध रूप से संपन्न हो।

– जोत सिंह बगियाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button