
जन एक्सप्रेस/ नई टिहरी: उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी मंच के शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन सामुदायिक मिलन केंद्र, बौराड़ी में किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि एवं राज्य मंत्री खेम सिंह चौहान ने मंच के जिला अध्यक्ष डॉ. राकेश भूषण गोदियाल और उनकी टीम को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
इस अवसर पर राज्य मंत्री खेम सिंह चौहान ने कहा कि उत्तराखंड राज्य की मांग केवल एक राजनीतिक आंदोलन नहीं थी, बल्कि पहाड़ की जनता की भावनाओं और संघर्षों से जुड़ा जनआंदोलन था। उन्होंने राज्य आंदोलन के दौरान शहीद हुए आंदोलनकारियों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनकी कुर्बानियों को कभी भुलाया नहीं जा सकता।
उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी का उत्तराखंड राज्य गठन में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। साथ ही उन्होंने युवाओं को रोजगार, किसानों को बेहतर अवसर और समाज के सभी वर्गों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने की आवश्यकता पर बल दिया।
उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी मंच के जिला अध्यक्ष डॉ. राकेश भूषण गोदियाल ने आंदोलन के संघर्षपूर्ण इतिहास और आंदोलनकारियों की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा आंदोलनकारियों के सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया।
कार्यक्रम के दौरान राज्य आंदोलन में सक्रिय भूमिका निभाने वाले पत्रकारों को शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि आंदोलन को जन-जन तक पहुंचाने में मीडिया और कर्मचारियों का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण रहा है।
समारोह में टिहरी के पूर्व छात्र नेता योगेश पाल और अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त निशानेबाज Jaspal Rana के हालिया निधन पर दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता नागरिक मंच के अध्यक्ष सुंदर लाल उनियाल ने की, जबकि संचालन महामंत्री किशन सिंह रावत ने किया।
इस अवसर पर ममता उनियाल, महावीर उनियाल, राजेंद्र असवाल, राकेश राणा, महिपाल नेगी, मुशर्रफ़ अली, जगदम्बा रतूड़ी, देवेंद्र नौडियाल, कमल सिंह महर, महादेव मैठाणी, श्रीपाल चौहान सहित बड़ी संख्या में राज्य आंदोलनकारी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।






