युवा मोर्चा के नौ राज्यों के पदाधिकारियों की ‘सुशासन यात्रा’ आज पहुंचेगी भोपाल

भोपाल। भारतीय जनता युवा मोर्चा द्वारा भाजपा शासित राज्यों में निकाली जा रही सुशासन यात्रा आज (रविवार को) भोपाल पहुंचेगी, जिसमें नौ राज्यों के 33 प्रतिनिधि शामिल होंगे। मोर्चा पदाधिकारी यहां मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान तथा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा से मुलाकात करेंगे।
भाजपा युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष वैभव पंवार ने बताया कि सुशासन यात्रा युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या के नेतृत्व में शुरू की गई एक अनूठी अनुभवात्मक शिक्षण यात्रा है। इसमें अलग-अलग प्रदेशों से चयनित युवा मोर्चा पदाधिकारियों को शामिल किया जाता है। मंडल, जिला, प्रदेश स्तर के युवा मोर्चा पदाधिकरी इसका हिस्सा बनते हैं। इसके माध्यम से प्रतिनिधिमंडल भाजपा सरकार के कार्यों, नीतियों एवं योजनाओं से अवगत होते हैं।
पंवार ने बताया कि इस यात्रा में बिहार, उत्तरप्रदेश, पंजाब, राजस्थान, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, असम, आंध्रप्रदेश और महाराष्ट्र के 33 प्रतिनिधि शामिल हैं। यह यात्रा रविवार दोपहर में भोपाल पहुंचेगी, जहां प्रतिनिधि मंडल मुख्यमंत्री निवास में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, पार्टी के प्रदेश कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा से मुलाकात करेगा। वहीं प्रदेश के कृषि मंत्री कमल पटेल के भोपाल आवास पर कृषि क्षेत्र में मध्यप्रदेश की उत्कृष्टता पर चर्चा होगी। इसके बाद यह दल भोजपुर स्थित महादेव मंदिर और भीमबैठिका के लिए रवाना होगा।






