
जन एक्सप्रेस / पिथौरागढ़ : आगामी 28 जून 2026 को आयोजित होने वाले राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अभियान की कार्ययोजना, व्यवस्थाओं तथा विभिन्न विभागों के बीच समन्वय को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में बताया गया कि जनपद में 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के कुल 41,446 बच्चों को पोलियो निरोधक दवा की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए जिलेभर में 632 पोलियो बूथ स्थापित किए गए हैं, जहां प्रशिक्षित स्वास्थ्य कर्मियों एवं स्वयंसेवकों की तैनाती की जाएगी।
जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग, बाल विकास विभाग, पंचायती राज विभाग, नगर निकायों और अन्य संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे, इसके लिए विशेष प्रयास किए जाएं तथा दूरस्थ और दुर्गम क्षेत्रों में भी अभियान का प्रभावी संचालन सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार पर विशेष जोर देते हुए कहा कि अभिभावकों को अपने पांच वर्ष तक के बच्चों को अनिवार्य रूप से पोलियो की खुराक पिलाने के लिए प्रेरित किया जाए। साथ ही बूथों पर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने और निगरानी व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के निर्देश भी दिए।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एस.एस. नबियाल ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा अभियान से जुड़ी सभी आवश्यक तैयारियां पूरी की जा रही हैं। आशा कार्यकर्ताओं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं तथा स्वास्थ्य कर्मियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है ताकि अभियान का सफल संचालन सुनिश्चित किया जा सके।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. अर्चना कौशिक ने अभियान की कार्ययोजना प्रस्तुत करते हुए बताया कि बूथ दिवस के बाद घर-घर जाकर उन बच्चों को भी पोलियो की खुराक दी जाएगी जो किसी कारणवश बूथ तक नहीं पहुंच पाएंगे। अभियान के लिए विस्तृत माइक्रोप्लान तैयार कर लिया गया है।
विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) की प्रतिनिधि डॉ. मीनाक्षी सुमन ने भी बैठक में भाग लेते हुए पोलियो उन्मूलन अभियान को सफल बनाने के लिए सभी विभागों की सक्रिय सहभागिता पर बल दिया।
बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों एवं संबंधित विभागों से अभियान को पूर्ण सफलता दिलाने हेतु समर्पित भाव से कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पोलियो मुक्त भारत के संकल्प को मजबूत बनाने में प्रत्येक नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है।





