घुसपैठ करते ही सैनिकों ने आतंकी को मारी थी गोली
15 दिन पहले घुसपैठ की कोशिश के दौरान गिरफ्तार किए गए एक आतंकवादी की शनिवार को जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में स्थित एक सैन्य अस्पताल में हार्ट अटैक से मौत हो गई। इस आतंकी को 21 अगस्त को पकड़ लिया गया था जब उसने भारत में घुसपैठ करने और सेना की एक चौकी पर हमला करने की कोशिश की थी।
पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर के कोटली के सब्जकोट गांव के रहने वाले तबारक हुसैन को पिछले छह साल में दूसरी बार 21 अगस्त को सीमा पार से भारत में घुसपैठ करने की कोशिश करते हुए गिरफ्तार किया गया था। तबारक हुसैन लश्कर-ए-तैयबा का एक प्रशिक्षित सदस्य और पाकिस्तानी सेना के एजेंट था।
भारतीय सैनिकों ने गिरफ्तार करते समय उसे गोली मार दी थी और वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। इसके बाद उसे सेना के एक अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया था जहां उसकी सर्जरी हुई और उसकी जान बचाने के लिए सैनिकों ने तीन यूनिट खून भी दिया था। सेना के एक अधिकारी ने बताया कि शनिवार देर शाम दिल का दौरा पड़ने से उसकी मौत हो गई।यह भी बताया गया कि आतंकवादी के शव को रविवार को कानूनी औपचारिकताओं को पूरा करने के लिए पुलिस को सौंप दिया जाएगा।






