देश

केंद्रीय मंत्री भूपेन्द्र यादव ने भगवान महाकाल के दर्शन कर की पूजा-अर्चना

उज्जैन। केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव ने रविवार को मध्य प्रदेश के एक दिवसीय प्रवास के दौरान उज्जैन पहुंचकर विश्व प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग भगवान महाकालेश्वर के मंदिर में दर्शन कर बाबा महाकाल की पूजा-अर्चना की।

इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी उनके साथ मौजूद रहे। महाकाल दर्शन के बाद वे जगदीश मंदिर पहुंचे थे, जहां भगवान जगन्नाथ का पूजन किया।

केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव रविवार सुबह उज्जैन पहुंचे। हेलीपेड पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उनका स्वागत किया। यहां से मुख्यमंत्री व केंद्रीय मंत्री यादव महाकालेश्वर मंदिर पहुंचे। उन्होंने गर्भगृह में भगवान महाकाल का पंचामृत पूजन-अभिषेक कर देश व प्रदेश के लिए मंगल कामनाएं कर भगवान का आशीर्वाद लिया। पुजारी राजेश शर्मा, आशीष पुजारी, विजय गुरु ने विधिवत पूजन संपन्न कराया। इस अवसर पर श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति के अध्यक्ष एवं उज्जैन कलेक्टर नीरज कुमार सिंह ने मुख्यमंत्री डॉ यादव और केंद्रीय मंत्री यादव को अंग वस्त्र और बाबा महाकाल की चित्र प्रतिमा भेंट कर स्वागत किया गया।

महाकाल मंदिर में दर्शन के बाद मुख्यमंत्री डॉ. यादव और केंद्रीय मंत्री यादव कार्तिक चौक स्थित श्री जगदीश मंदिर पहुंचे। यहां पर मंदिर में भगवान का पूजन कर समृद्धि की मंगल कामना की। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा की शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर विधायक अनिल जैन कालूहेडा, भाजपा जिलाध्यक्ष विवेक जोशी, सत्यनारायण खोईवाल, संजय अग्रवाल, रवि शंकर वर्मा सहित जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

दरअसल, भोपाल में आज भाजपा की वृहद कार्यसमिति की बैठक होने जा रही है। इस बैठक में शामिल होने के लिए केन्द्रीय मंत्री भूपेन्द्र यादव आज मप्र के एक दिवसीय प्रवास पर हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button